उत्तराखण्ड

समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने किया 95.79 लाख की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास एवं क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण


Ad 7

छात्रावास में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने आज रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अधोईवाला स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री खजानदास एक कर्मठ एवं जनप्रिय नेता हैं, जो प्रदेश की समस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उनके प्रयासों से आज अधोईवाला क्षेत्र को 3.35 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिल रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री खजानदास ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप आज अधोईवाला आश्रम पद्धति विद्यालय परिसर में अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत 95.79 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 बेडेड छात्रावास तथा 44.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण किया गया है।

इसके साथ ही 58.68 लाख रुपये की लागत से शौचालय एवं चाहरदीवारी निर्माण, 71.34 लाख रुपये की लागत से छात्रावास की मरम्मत एवं साज-सज्जा तथा परिसर में नालियों और स्टोर निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता और सुशासन के साथ कार्य कर रही है। पेंशन, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने कहा कि अधोईवाला आश्रम पद्धति परिसर में विभिन्न विकास कार्यों की मांग विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा लगातार उठाई जा रही थी। विधायक के निरंतर प्रयासों और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज क्षेत्र में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास संभव हो पाया है।

छात्रावास का किया निरीक्षण, भोजन और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

कार्यक्रम के उपरांत समाज कल्याण मंत्री ने छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए प्रोटीनयुक्त, शुद्ध एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सुथरे बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, समाज कल्याण विभाग के सचिव श्रीधर बाबू अड्डांकी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, अशोक वर्मा, गीता राम गौड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य गोपाल पुरी, पार्षद त्रिलोक वर्गली, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रकाश, पूनम शर्मा, राहुल लारा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button