उत्तराखण्ड

छठ पूजा को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, 15 और 16 नवंबर को कई रूट रहेंगे डायवर्ट, पार्किंग की भी व्यवस्था


Ad 7

देहरादून। छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। नन्दा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का रूट बदला जाएगा। वहीं, भारी वाहनों के लिए भी अलग से डायवर्जन निर्धारित किया गया है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे के रास्ते सिंघनीवाला की ओर भेजा जाएगा। इससे प्रेमनगर और नन्दा की चौकी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम रखने में मदद मिलेगी।

शहर से नन्दा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालु रांघड़वाला तिराहा, प्रेमनगर चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।

भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से होकर प्रेमनगर चौक पहुंचना होगा। वहीं, बिधौली से प्रेमनगर जाने वाले वाहन नन्दा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड का इस्तेमाल करेंगे।

इसके अलावा प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधौली जाने वाले वाहनों को ठाकुरपुर रूट और बालाजी धाम के रास्ते भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की है। धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन बड़ोंवाला होते हुए अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नन्दा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार डायवर्जन प्लान में बदलाव किया जा सकता है।

इन स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग

छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें शामिल हैं:

  1. सुभारती कॉलेज पार्किंग।

  2. उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के पास घाट क्षेत्र।

  3. नन्दा की चौकी पेट्रोल पंप के पास।

  4. आसन नदी के तट पर निर्धारित स्थान।

  5. चंद्रबनी हाट बाजार ग्राउंड और मालदेवता रोड नदी क्षेत्र के खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और इसके लिए 1,500 रुपये का जुर्माना देना पड़ सकता है।

सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए यातायात व्यवस्था पर नजर रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाएगा।

छठ पूजा के दौरान जाम और असुविधा से बचने के लिए पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर ही करने की अपील की है। श्रद्धालुओं को ऑटो, विक्रम और सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही खरीदारी और अन्य जरूरी काम समय रहते पूरा करने को कहा गया है, ताकि अंतिम समय में सड़कों पर भीड़ न बढ़े।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी प्रकार से रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।

दून पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और छठ पूजा के आयोजन को व्यवस्थित बनाने में सहयोग देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button