उत्तराखण्ड

शिक्षा से जुड़कर बालिकाओं ने देखे सुनहरे भविष्य के सपने, आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ाए कदम


Ad 7

डीएम के निरीक्षण के बाद बालिकाओं का विद्यालयों में कराया गया दाखिला, पढ़ाई के साथ योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग का भी मिल रहा प्रशिक्षण

पौड़ी- कोटद्वार के सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से नयी उम्मीदें जग रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल के बाद केंद्र में रह रही बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब बालिकाएं नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई कर रही हैं। किताबों से जुड़ने के साथ ही उनके मन में अपने भविष्य को लेकर नए सपने आकार लेने लगे हैं। कोई सरकारी नौकरी हासिल कर आत्मनिर्भर बनना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रही है।

जिलाधिकारी ने गत 18 अक्टूबर को केंद्र का निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों से संवाद किया था। इस दौरान बच्चों ने बताया कि वे विद्यालय नहीं जाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए जिला परिवीक्षा अधिकारी को बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी की पहल के बाद अब बालिकाओं का स्कूलों में प्रवेश हो चुका है और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई कर रही हैं।

केंद्र में बालिकाओं की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूली पढ़ाई के अलावा उन्हें योगाभ्यास, पेंटिंग, क्राफ्टिंग सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए उनकी रचनात्मक क्षमता विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार किया जा रहा है।

केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट ने बताया कि बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ ही उनके कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्हें पेंटिंग, क्राफ्टिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। बालिकाएं इन गतिविधियों में रुचि लेकर प्रतिभाग कर रही हैं और धीरे-धीरे इनमें दक्षता हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अर्जित किए जा रहे ये हुनर भविष्य में उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

केंद्र में रह रही बालिकाओं ने बताया कि उन्हें यहां पढ़ाई जारी रखने के साथ ही अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। वे आगे भी मन लगाकर पढ़ाई करना चाहती हैं। किसी ने सरकारी नौकरी हासिल करने तो किसी ने देश और समाज की सेवा करने का लक्ष्य रखा है। बालिकाओं का कहना है कि वे शिक्षा और हुनर के बल पर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं और भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों को भी शिक्षा, विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान बच्चों के विद्यालय नहीं जाने की जानकारी मिलने पर जिला परिवीक्षा अधिकारी को उनका दाखिला सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। अब बालिकाएं विद्यालयों में पढ़ाई कर रही हैं और शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा ऐसे अन्य बच्चों को भी शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं, ताकि वे शिक्षा और हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button