उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में 1694 पदों पर भर्ती का ऐलान, 25 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें पूरी डिटेल


Ad 7

पांच साल से पहले नौकरी छोड़ी तो भरना होगा प्रशिक्षण का खर्च

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में पुलिस, पीएसी, अग्निशमन समेत विभिन्न विभागों में कुल 1694 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत अभ्यर्थी 25 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने जनवरी में शारीरिक दक्षता परीक्षा और अप्रैल में लिखित परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की है। वहीं, भर्ती से जुड़ी एक अहम शर्त भी सामने आई है। इसके तहत कुछ पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को पांच साल तक सेवा देना अनिवार्य होगा। इससे पहले नौकरी छोड़ने पर प्रशिक्षण और वेतन आदि पर खर्च हुई राशि लौटानी पड़ सकती है।

आयोग के मुताबिक, भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक चलेगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संशोधन का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 28 से 30 दिसंबर तक की तारीख निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में जनवरी 2027 में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि लिखित परीक्षा अप्रैल में प्रस्तावित है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये सभी पद 12वीं शैक्षिक योग्यता स्तर के हैं। हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए शारीरिक दक्षता के मानक भी अलग निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी शर्तें ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। भर्ती से संबंधित पूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

पांच साल से पहले नौकरी छोड़ी तो चुकाना होगा खर्च

इस भर्ती में शामिल पुलिस कांस्टेबल, पीएसी/आईआरबी कांस्टेबल और अग्निशामक पदों के अभ्यर्थियों के लिए पांच साल की सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण शर्त रखी गई है। अंतिम चिकित्सकीय परीक्षण में सफल होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को एक लिखित सहमति पत्र देना होगा, जिसमें उन्हें कम से कम पांच साल तक विभाग में सेवा देने की प्रतिबद्धता जतानी होगी।

यदि कोई अभ्यर्थी पांच साल की अवधि पूरी होने से पहले इस्तीफा देता है या अपने अनुरोध पर किसी दूसरी सेवा में जाने के लिए कार्यमुक्त होता है, तो उसे नियमानुसार प्रशिक्षण पर हुए खर्च, दिए गए मानदेय और वेतन की राशि पुलिस विभाग को लौटानी होगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह प्रावधान पहले से लागू है, लेकिन फिलहाल इस भर्ती के कुछ निर्धारित पदों पर ही इसे लागू किया जा रहा है।

किस विभाग में कितने पद?

पुलिस कांस्टेबल : 464 पद

पीएसी कांस्टेबल : 284 पद

महिला पुलिस कांस्टेबल : 238 पद

फायरमैन (महिला एवं पुरुष) : 201 पद

फॉरेस्ट गार्ड : 171 पद

स्पेशल टाइगर गार्ड : 75 पद

बंदीरक्षक : 117 पद

महिला बंदीरक्षक : 27 पद

सचिवालय रक्षक : 54 पद

आबकारी सिपाही : 45 पद

परिवहन आरक्षी : 18 पद

कुल पद : 1694

आवेदन के लिए कितना देना होगा शुल्क?

सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग : 300 रुपये

दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति : 150 रुपये

अनाथ अभ्यर्थी : कोई शुल्क नहीं

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button