उत्तराखण्ड

लगातार दूसरी बार आईसीसी के अध्यक्ष चुने गए जय शाह, निर्विरोध हुआ चयन


Ad 7

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक बार फिर जय शाह पर भरोसा जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। जय शाह लगातार दूसरी बार निर्विरोध आईसीसी अध्यक्ष चुने गए हैं। इंडोनेशिया के बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनके दूसरे कार्यकाल को मंजूरी दी गई। उनके दोबारा चुने जाने को विश्व क्रिकेट के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आईसीसी बोर्ड ने जताया जय शाह के नेतृत्व पर भरोसा

क्रिकेट में तेजी से हो रहे बदलावों और वैश्विक स्तर पर खेल की बढ़ती लोकप्रियता के बीच जय शाह को दोबारा यह जिम्मेदारी मिली है। आने वाले समय में क्रिकेट के सामने कई बड़े अवसर हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी है। लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में शामिल होने जा रहा क्रिकेट नए देशों और दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाने की तैयारी में है।

आईसीसी की प्राथमिकताओं में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दायरे को बढ़ाना, खेल की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना शामिल है। इसके अलावा एसोसिएट देशों को अधिक अवसर देने, क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता बनाए रखने और खेल के लिए नए व्यावसायिक रास्ते तलाशने पर भी जोर दिया जा रहा है।

दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर जय शाह ने जताया आभार

दोबारा अध्यक्ष चुने जाने के बाद जय शाह ने आईसीसी बोर्ड और सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड की ओर से उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान की बात है। आईसीसी अध्यक्ष के रूप में काम करना उनके लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

जय शाह ने कहा कि वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर से गुजर रहा है। वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने के साथ ही खिलाड़ियों और प्रशंसकों की नई पीढ़ी को जोड़ने का बड़ा अवसर साबित होगी।

क्रिकेट का भविष्य मजबूत करना प्राथमिकता : जय शाह

जय शाह ने स्पष्ट किया कि आईसीसी की जिम्मेदारी केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित कराने तक सीमित नहीं है। खेल से जुड़े प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य हितधारकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट के लिए मजबूत भविष्य तैयार करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत दुनिया भर के लोगों को एक साथ जोड़ने की क्षमता है। आईसीसी बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से अब योजनाओं को जमीन पर उतारने और खेल में ऐसी प्रगति लाने पर ध्यान दिया जाएगा, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button