उत्तराखण्ड

शक्ति नहर में सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ ने बरामद किया 48 वर्षीय व्यक्ति का शव

देहरादून। देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शक्ति नहर में एक व्यक्ति के कूदने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने ढालीपुर इंटेक से व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान प्रेमनगर निवासी 48 वर्षीय विमल धीमान के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ

जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत डाकपत्थर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति शक्ति नहर में कूद गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के लिए एसडीआरएफ की सहायता मांगी गई।

सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट डाकपत्थर की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने शक्ति नहर में व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया।

ढालीपुर इंटेक से बरामद हुआ शव

सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ की टीम को ढालीपुर इंटेक से एक व्यक्ति का शव मिला। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विमल धीमान पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह धीमान, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम पोंदा, नंदा की चौकी के पास, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में की।

एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान पूरा किया। वहीं, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button