उत्तराखण्ड

देहरादून में स्वच्छता अभियान: 40 टन कूड़ा उठाया, डीएम ने खुद संभाली सफाई की कमान

दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा विशेष सफाई अभियान, जैविक और गैर-जैविक कूड़े का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत देहरादून में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। परेड ग्राउंड, पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल, रेसकोर्स सहित विभिन्न स्थानों पर चलाए गए अभियान में करीब 40 टन कूड़ा एकत्र किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मियों और जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं कूड़ा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

दशहरा पर्व के बाद आयोजित इस अभियान में परेड ग्राउंड परिसर से करीब 10 टन, जबकि पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल और रेसकोर्स सहित अन्य स्थानों से लगभग 30 टन कूड़ा उठाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा अभियान

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों, नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक जनपद में निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गीले और सूखे कूड़े का होगा अलग-अलग निस्तारण

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकत्रित कूड़े को जैव अपघटनीय और गैर-जैव अपघटनीय श्रेणियों में अलग-अलग रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाए। इससे कूड़ा प्रबंधन बेहतर होगा और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून और ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। रिस्पना नदी सहित अन्य चिह्नित स्थानों पर भी सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

डीएम की नागरिकों से अपील

जिलाधिकारी ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने, निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की आदत अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर देहरादून का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, जीजीआईसी राजपुर की प्रधानाचार्य एवं छात्राएं, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button