उत्तराखण्ड

जनसुनवाई में डीएम अपूर्वा पाण्डे ने सुनीं 07 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 07 शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांडा में पेयजल समस्या के मामले में जिलाधिकारी ने जल निगम को पाइपलाइन दुरुस्त कर विद्यालय में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं ढालन-खुनौली सड़क की कटिंग से प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिए जाने के प्रकरण में अधिशासी अभियंता लोनिवि कपकोट को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिरकोट-व्हील-कुलवान सड़क बंद होने की शिकायत पर लोनिवि बागेश्वर को स्थलीय निरीक्षण कर सड़क को शीघ्र यातायात के लिए सुचारू करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं हेलो बागेश्वर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर शिकायत के निस्तारण की स्थिति की जानकारी देने तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button