उत्तराखण्ड

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक

अभियान को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

पौड़ी- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल संपादन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज होना आवश्यक है, जिसके लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमानुसार 08 जून, 2026 से जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है। साथ ही मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना प्रपत्रों का संग्रहण कर बीएलओ एप के माध्यम से उनका डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके सुझाव एवं सुझावों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी दलों से पात्र मतदाताओं को जागरुक करने तथा गणना प्रपत्रों को समय पर भरवाने में सहयोग करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा मतदाताओं को अभियान के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान, बीईओ मास्टर आदर्श, एनआईसी के डीआईओ मयंक शर्मा, एडीआईओ हेमंत काला, राजेंद्र सिंह राणा, सुरेन्द्र सिंह रावत, भरत सिंह रावत, हरीश उनियाल, सूरज नेगी सहित विभिन्न अधिकारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button