उत्तराखण्ड

प्रीतम सिंह ने कहा- कांग्रेस प्रचंड बहुमत से बना रही सरकार

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि राज्यवासियों ने इस बार बदलाव का मन बनाया है। भाजपा मुंगेरीलाल के सपने देखना बंद करे। कांग्रेस प्रचंड बहुमत से प्रदेश में सरकार बना रही है।

रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा में कौन कहां किस से मिल रहा है, यह उनका अंदरूनी मामला है। यह तय है कि इस बार कांग्रेस सत्ता में आ रही है। पोस्टल बैलेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र के इस पर्व में सभी लोग सम्मलित होते हैं। पोस्टल बैलेट को लेकर वीडियो वायरल हो रहा है तो ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है। इससे स्वस्थ लोकतंत्र की अवधारणा पर सवाल उठते हैं। सेना में भी यही व्यवस्था होनी चाहिए कि यह जवान तय करे कि वह किसे वोट डालना चाहता है। यहां तो वीडियो में एक ही व्यक्ति सबके वोट डालता नजर आ रहा है। मामले का चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है, इसकी जांच भी हो रही है।

यूक्रेन मामले में नकारात्मक बयानबाजी कर रही कांग्रेस

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर कांग्रेस पर नकारात्मक बयानबाजी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में भारत और भारतीयों को मिल रहा सम्मान कांग्रेस नेताओं को पच नहीं रहा। इसीलिए वे केंद्र और राज्य सरकार पर प्रश्न खड़े करने का प्रयास कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि वर्तमान परिस्थितियों में भारत ही ऐसा देश है, जो यूक्रेन व रूस, दोनों देशों के संपर्क में है और सकारात्मक भूमिका निभा रहा है।

गोयल ने कहा कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों व अन्य नागरिकों को निश्शुल्क भारत लाने की प्रभावी व्यवस्था में सरकार जुटी है। सरकार के अथक प्रयासों से बड़ी संख्या में ऐसे लोग स्वदेश लौटे हैं और उनके स्वजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी सरकार की सराहना कर रहे हैं। दूसरी तरफ, पाकिस्तान समेत अन्य देशों के लोग अपनी सरकारों को कोस रहे हैं और भारतीय तिरंगे को कवच की तरह इस्तेमाल कर अपनी जान बचाते हुए अपने देश की सरकार को भारत से सीख लेने की सलाह दे रहे हैं। गोयल ने कहा कि नकारात्मक राजनीतिकांग्रेस नेताओं के डीएनए में प्रवेश कर गई है और इनकी सकारात्मक सोचने की क्षमता भी खत्म हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button